केदारनाथ के बाद अब यमनोत्री धाम में भी लगे CCTV कैमरे, जिला प्रशासन की रहेगी पैनी नजर

punjabkesari.in Sunday, Jun 24, 2018 - 04:44 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। इसी के चलते प्रशासन भी सतर्क दिखाई दे रहा है। यमुनोत्री धाम सहित 5 किमी के पैदल यात्रा पड़ाव पर अब सदैव प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। 

धाम में लगाए गए 8 हाई-पावर के सीसीटीवी कैमरे 
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने स्वच्छ आइकोनिक प्लेस के अन्तर्गत गेल इंडिया की सहायता से यात्रा पड़ाव के विभिन्न जगहों पर 72 लाख की लागत से बने 8 हाई-पावर के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यमुनोत्री धाम में लगाए गए इन कैमरों की निगरानी जानकी चट्टी, स्वान केंद्र बड़कोट और उत्तरकाशी के आपदा कंट्रोल रूम से की जाएगी। जम्मू-कश्मीर की जी मैक्स सर्विसिस कंपनी ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर कैमरे लगाकर संचालन शुरू करवा दिया है। 

कैमरों का 3 जगहों से किया जाएगा संचालन 
जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने बताया कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए धाम के पैदल मार्ग यात्रा पड़ाव पर कैमरों को चालू करवा दिया गया है। बता दें कि केदारनाथ धाम के बाद सीसीटीवी के द्वारा कैमरे से निगरानी रखने वाला यमुनोत्री दूसरा धाम बन गया है। पैदल यात्रा पड़ाव पर लगे 8 कैमरों का 3 जगहों से संचालन भी किया जाएगा। 
 

Nitika