केन्द्र सरकार महंगाई को लेकर सजग, उठाये जा रहे कदम: संजीव सान्याल

punjabkesari.in Saturday, May 14, 2022 - 01:10 PM (IST)

 

नैनीताल/काशीपुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने शुक्रवार को कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत की अर्थव्यवस्था की हालत अच्छी है। सरकार महंगाई पर भी लगाम लगाने की कोशिश कर रही है और इसके लिये कदम उठाये जा रहे हैं।

सान्याल उत्तराखंड के काशीपुर में भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करने के लिये आये थे। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोरोना महामारी की चुनौतियों के बावजूद हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया के मुकाबले अच्छी रही है। उन्होंने महंगाई के सवाल पर कहा कि रूस-यूक्रेन महायुद्ध का असर भारत ही नहीं दुनिया पर पड़ा है और दुनिया में महंगाई बढ़ी है। तेल आयात पर निर्भरता के चलते हमारे देश पर भी असर पड़ा है। भारत सरकार इसको लेकर सजग है। तमाम उपाय किये जा रहे हैं। मौजूदा परिद्दश्य को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक भी कई कदम उठा रहा है। रिजर्व बैंक ने हाल ही में बेंच माकर् दर में बढ़ोतरी की है।

उन्होंने कहा कि इन सबके बावजूद हमारा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) अन्य देशों के मुकाबले अच्छा है। खासकर प्रतिद्वंद्वी चीन के मुकाबले बेहतर है। आने वाले समय में भी हमारी जीडीपी अच्छे रहने की संभावना है। अंतररष्ट्रीय मुद्रा कोष के ताजा आंकड़ों के अनुसार हमारी जीडीपी रेट आठ प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि कुल मिलाकर हमारे देश की स्थिति फिलहाल अच्छी है। कोरोना महामारी के बावजूद हमारे बैंकों में सुधार हुआ है। अनर्जक आस्ति (एनपीए) घटा है। आने वाले समय में स्थिति में और सुधार होगा। कोरोना महामारी के बाद सभी क्षेत्रों को अब खोल दिया गया है। खासकर पर्यटन के क्षेत्र से अधिक उम्मीदें हैं। सरकार तेल के मुद्दे पर ध्यान दे रही है।

Content Writer

Diksha kanojia