केंद्र सरकार का 1 वर्ष का कार्यकाल कई मायनों में ऐतिहासिक: कैबिनेट मंत्री

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2020 - 02:08 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने शुक्रवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक साल का कार्यकाल कई मायनों में ऐतिहासिक रहा है। आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस दौरान देश के लाखों गरीबों को मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है। अनुच्छेद 370, तीन तलाक एवं नागरिकता संशोधन कानून जैसे फैसले ऐतिहासिक रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड में भी डेढ़ लाख करोड़ रुपए की परियोजनाए संचालित की जा रही हैं। उन्हाेंने चंपावत स्थित लोहाघाट विधानसभा की वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे थे। आर्य ने इस मौके पर कहा कि देश कठिन दौर से गुजर रहा है। डोकलाम के बाद चीन एक बार फिर लद्दाख में गतिरोध उत्पन्न कर रहा है। ऐसे में उन्होंने देश एवं राज्य की जनता का आह्वान किया कि ऐसे समय में एकजुटता प्रदर्शित करने का समय है। उन्होंने साफ-साफ कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हम कोरोना और चीन दोनों से जंग जीतेंगे। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन का निर्णय भी मोदी के ऐतिहासिक फैसलों में से एक रहा है।

आर्य ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार तमाम योजनाए संचालित कर रही है। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हजारों करोड़ रुपए की बेहद महात्वकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को डेढ़ लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। 12 हजार करोड़ की लागत से बनने वालीऑलवेदर रोड एक बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे आने वाले समय में प्रदेश को बेहद फायदा होगा। इसी प्रकार ऋषिकेश-कर्णप्रयाग एवं टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजनाओं को भी केन्द्र सरकार की ओर से सम्पन्न किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि हल्द्वानी की बहुचर्चित जमरानी बांध परियोजना को केन्द्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय परियोजना में शामिल किया गया है और बांध के लिए केन्द्र सरकार ने 2584 करोड़ की धनराशि मंजूर कर दी है। प्रदेश में 900 करोड़ रुपए की लागत से नमामि गंगे परियोजना अपने चरम पर है। इसी प्रकार अटल-आयुष्मान केन्द्र सरकार की बेहद महत्वपूर्ण योजना है और इससे प्रदेश का हर व्यक्ति आच्छादित है। उन्होंने इस मौके पर त्रिवेन्द्र रावत सरकार की भी तारीफ की और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static