मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को चैत्र नवरात्र की दी शुभकामनाएं

punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 11:01 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने लोगों को चैत्र नवरात्र और भारतीय नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। नवरात्र के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के लिए नववर्ष में मंगलमय और खुशहाल जीवन की कामना की है।

इस अवसर पर सीएम ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परम्परा का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में पुरातन काल से ही स्त्रियों के सम्मान की परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्र का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को बताता है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर किया जाने वाला कन्यापूजन नारीशक्ति के महत्व को दर्शाता है परन्तु हमें सदैव ही महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। हमारी बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। सीएम ने कहा कि हमें बालिकाओं को और सशक्त बनाने के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
 

Punjab Kesari