मुख्यमंत्री ने मिलेनियम वोटर्स महाअभियान का किया शुभारंभ

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 03:15 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को सुभाष रोड स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में मिलेनियम वोटर्स महाअभियान का शुभारंभ किया। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 9 मिलेनियम दिव्यांग वोटर्स को प्रमाण पत्र वितरित किए। 

राज्य में लगभग 57 प्रतिशत युवा मतदाता 
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू इंडिया के निर्माण में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका रहेगी। राज्य के सम्पूर्ण विकास के लिए भ्रष्टाचारियों को जड़ से मिटाना होगा। इसके लिए युवाओं का व्यापक सहयोग अपेक्षित है। सीएम ने कहा कि युवा देश का भविष्य है। भविष्य के भारत निर्माण में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका रहेगी। राज्य में लगभग 57 प्रतिशत युवा मतदाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में सब कुछ करने की क्षमता है, इसके लिए उनका सही मार्गदर्शन होना जरुरी है। 

राज्य की सबसे बड़ी ताकत मानव संसाधन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सबसे बड़ी ताकत मानव संसाधन है। राज्यवासियों में ईमानदारी, मेहनत और संस्कार की भावना है। जिस राज्य के पास इतना अच्छा मानव संसाधन हो, वह सब कुछ करने में समर्थ है। प्राकृतिक संसाधन की उपलब्धता राज्य को ईश्वर की देन है। 

भ्रष्टाचारियों को जड़ से मिटाना होगा: मुख्यमंत्री 
सीएम ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए भ्रष्टाचारियों को जड़ से मिटाना होगा। पिछले 11 महीने में राज्य सरकार ने भ्रष्टाचारियों के प्रति कठोर कदम उठाए हैं। एक ही मामले में अभी तक 20 लोग जेल जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं को भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ने और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।