लालजी टंडन के निधन पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2020 - 06:27 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय लालजी टंडन का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। वे राजनीति के एक स्तम्भ, कुशल प्रशासक और राजनेता थे। उन्होंने भाजपा को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर, दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करे।

उनके निधन से राष्ट्र और समाज को पहुंची अपूरणीय क्षतिः राज्यपाल
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि लालजी टंडन के निधन का समाचार पाकर अत्यंत दुख हुआ। वह एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि, कुशल प्रशासक और संवेदनशील समाजसेवी थे। उनके निधन से राष्ट्र और समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। प्रभु उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस दुख को सहने की क्षमता प्रदान करें।

हमने खो दिया एक प्रखर समाजसेवीः विधानसभा अध्यक्ष
वहीं प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि देश ने एक लोकप्रिय नेता, योग्य प्रशासक और प्रखर समाजसेवी खो दिया। टंडन को समाज सेवा में उनके अथक प्रयासों के लिए एवं उत्तर प्रदेश की एक कद्दावर शख्सियत के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के लिए संवेदना व्यक्त की।

Nitika