मुख्यमंत्री ने की नैनीताल जिले के विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक, कई मुद्दों पर की चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 06:09 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा नैनीताल जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यो की समीक्षा की। बैठक में नैनीताल प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 

इस दौरान बैठक में मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मार्च 2017 से लेकर 18 जुलाई 2018 तक नैनीताल जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 66 घोषणाएं की गई। इन घोषणाओं में से 30 घोषणाएं पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही अन्य घोषणाओं पर कार्रवाई की जा रही है। 

बैठक में मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के विधानसभा क्षेत्रों में इन विकास कार्यों की समीक्षा कीः-  

-
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लालकुआं के बिन्दुखत्ता में शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर मिनी स्टेडियम निर्माण में तेजी लाई जाए। स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध है। वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा रही है। 

- इसके साथ ही सीएम ने कहा कि भीमताल क्षेत्र के सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में उत्तराखंड के छात्रों के भोजन भत्ते की बढ़ी हुई राशि शीघ्र लागू की जाए। जीआईसी ओखलकांडा में कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने तथा शहीद इन्द्र सिंह बर्गली मोटर मार्ग से खनस्यूंत तक 8 किमी सड़क मार्ग निर्माण के लिए एक सप्ताह में शासनादेश जारी होगा। 

- उन्होंने कहा कि हल्द्वानी क्षेत्र में दमुवाढूंगा पनचक्की के सौन्दर्यीकरण के लिए 15 दिन में जीओ जारी होगा। 3.21करोड़ की लागत से सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल के सामने  मार्ग के चौड़ीकरण, पार्किंग और सौन्दर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही जेल चैराहा, म्यूजिकल फव्वारा निमार्ण के लिए 15 दिन में जीओ होगा। 

- त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि कालाढुंगी क्षेत्र में नलकूल ओवर हैड निर्माण में गड़बड़ी की जांच की होगी। कोटाबाग में पबलगढ़ पेयजल योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। चन्द्रपुर में ओवर हैड टैंक, पेयजल लाइन पर कार्रवाई गतिमान है। रामनगर शाखा के विभिन्न गांवों में एक सप्ताह के अंदर 5 हैंडपम्प स्थापित होंगे। 

- मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर क्षेत्र में पंपापुरी-भरतपुरी तटबन्ध निर्माण, टेडा में बाढ़ नियंत्रण का कार्य अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में व्यवस्था सुधार, डिग्री कॉलेज के चाहरदीवारी और शौचालय निर्माण पर कार्रवाई गतिमान है। रामनगर बस अड्डा निर्माण के लिए कार्रवाई गतिमान है।
 

Nitika