मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड तकनीकि विश्वविद्यालय में शौर्य दीवार का किया अनावरण

punjabkesari.in Friday, Mar 16, 2018 - 06:40 PM (IST)

देहरादून(कुलदीप रावत): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को उत्तराखंड तकनीकि विश्वविद्यालय और उत्तरांचल विश्विद्यालय दो भिन्न-भिन्न जगहों पर शौर्य दीवार और नए भवन का लोकार्पण किया। 

विश्वविद्यालय का नाम वीर माधो सिंह भंडारी रखने की हुई घोषणा 
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में शौर्य दीवार का अनावरण और यूनिवर्सिटी एकेडमिया इंडस्ट्री फोरम का शुभारंभ किया। उन्होंने उत्तराखंड तकनीकि विश्वविद्यालय का नाम वीर माधो सिंह भंडारी के नाम पर रखने की घोषणा की। 

सीएम ध्वजारोहण समारोह में हुए शामिल 
सीएम उत्तरांचल विश्वविद्यालय में नवस्थापित 125 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की शान, पहचान, प्राण और एकता का प्रतीक है। राष्ट्रध्वज देश और देश के बलिदानियों के प्रति सम्मान के भाव तथा युवाओं को देश भक्ति के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, यदि युवा जोश और उत्साह से कार्य करेंगे तो देश तीव्र गति से आगे बढे़गा। सीएम ने कहा कि हमें मन में देश के लिए कुछ कर गुजरने के भाव को लेकर आगे बढ़ना होगा। 

राज्य में भारत-भारती नाम के संगठन बनाने पर किया जा रहा विचार 
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड शिक्षा का हब है। यहां पर देश के प्रत्येक राज्यों से छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भारत-भारती नाम से एक संगठन बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस संगठन का उद्देश्य संपूर्ण भारत की संस्कृति को एक लघु रूप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित करना है, जिससे संपूर्ण भारत की सांस्कृतिक विशिष्टता एक ही स्थान पर लोगों को देखने को मिल सके।  

 

Punjab Kesari