हर घर तिरंगा अभियान के साथ चलाया जाए स्वच्छता अभियानः पुष्कर सिंह धामी

punjabkesari.in Saturday, Aug 13, 2022 - 12:28 PM (IST)

 

चम्पावत/नैनीतालः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निकायों के ‘हर घर तिरंगा' अभियान को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के साथ साथ नगर निकायों में स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाए।

धामी ने चंपावत दौरे के दौरान कहा कि शहीद स्मारकों, सार्वजनिक स्थलों, शहीदों और महापुरुषों की मूर्तियों की विशेष रूप से सफाई की जाए। स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवार जनों, शहीद जवानों के परिजनों और शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों, पूर्व सैनिकों, पद्म पुरस्कारों से सम्मानित राज्य के विशिष्ट जनों, राज्य व देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़यिों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाए। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी तेरह जिलों से कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हर घर तिरंगा अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। नरेश की जनता स्वत: स्फूर्त होकर इस आंदोलन में प्रतिभाग कर रही है।

सीएम ने कहा आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में समृद्ध, समर्थ और शक्तिशाली भारत का पूरी दुनिया में मान सम्मान बढा है। हम अमृत काल में प्रवेश कर रहे हैं। आने वाले 25 वर्ष भारत की दशा और दिशा तय करेंगे। अमृत महोत्सव से पूरे देश में उत्साह का वातावरण है। चंपावत दौरे के बीच में शुक्रवार को धामी पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के लोहाघाट निवास पर पहुंचे और उनकी माता जी के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। साथ ही वह शहीद जवान विनीत चौड़ाकोटी के गांव ढकना बडोला भी गये और परिजनों के मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जवान के परिजनों के साथ है। इस दौरान लोकसभा सांसद अजय टम्टा, अध्यक्ष वन विकास निगम कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, जिलाध्यक्ष भाजपा दीप पाठक, जिला प्रभारी भाजपा दीपक मेहरा आदि उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static