अल्मोड़ाः सीएम ने अजय टम्टा के पक्ष में जनसभा को किया संबोधित, जनता से की वोट देने की अपील

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2019 - 06:03 PM (IST)

बागेश्वरः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांधी मैदान में अल्मोड़ा जिले से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बागेश्वर के युवा, माताएं, बहनें, वरिष्ठजन भाजपा की विकासवादी नीति के साथ चल रहे हैं। इसी के चलते वह सभी लोगों का आभार प्रकट करते हैं। 

राज्य सरकार ने गरीब जनता के लिए किया काम 
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने गरीब जनता के लिए काम किए हैं। उन्होंने देश के विकास के लिए जनता से वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छा शक्ति ने ही आज भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बनाया है। इसके साथ ही अंतरिक्ष में जासूसी करने वाले उपग्रह को नष्ट करने की क्षमता हासिल कर देश की सुरक्षा को मजबूत करने का काम किया है। 

केंद्र सरकार पर भष्टाचार का नहीं लगा कोई आरोप 
वहीं सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पर किसी भी तरह का कोई भष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गंगा का सम्मान किया है। गंगा के जल को पवित्र करने की जो मुहिम पीएम मोदी ने छेड़ी थी, वह कुंभ में पूरी दुनिया ने देखी है। उन्होंने ईमानदारी से काम कर 5 सालों में काम कर विश्व के अन्य देशों से कोई कर्ज ना लेकर पुराने कर्ज को भी वापस करने का काम किया है। त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवा को पहाड़ों के साथ-साथ अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचाने की प्राथमिकता दी है। बागेश्वर की दोनों विधानसभाओं में 45 डॉक्टर दिए हैं। 

कांग्रेस चुनाव में भटकाने का कर रही काम 
इस मौके पर अल्मोड़ा लोकसभा प्रत्याशी अजय टम्टा ने कहा कि हम विकास और राष्ट्रीय मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन विपक्षी दल कांग्रेस इस चुनाव में भटकाने का काम रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की पांचों सीटों पर ना केवल जीत हासिल करेगी बल्कि पिछली बार 55 फीसदी के बजाए अब 57 फीसदी से अधिक वोट लेकर प्रत्याशी जीतकर आएंगे।
 

Nitika