CM ने पुरोला में जनसभा को किया संबोधित, लोगों से की माला राज्य लक्ष्मी शाह को वोट देने की अपील

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 06:24 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के पुरोला में जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसभा में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टिहरी संसदीय क्षेत्र से माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में रोड शो करने के बाद पुरोला के नेहरू नगर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुरोला में उमड़ा विशाल जनसमूह यह दर्शाता है कि जनता हमारी विकासवादी नीतियों को प्रचंड समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि देश पीएम मोदी के हाथों ही सुरक्षित है।

वहीं सीएम ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही राशन की कालाबाजारी समाप्त कर कई भ्रष्ट लोगों को भी सलाखों के पीछे कर दिया गया है। समाज कल्याण विभाग में सुधार कर पेंशनरों को ऑनलाइन पेंशन देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण देकर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है। महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए महिला समूहों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

बता दें कि सीएम रावत ने जनता के समक्ष मोदी सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का बखान किया। सभा में सीएम ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद के साथ है जबकि कांग्रेस परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करती है। उन्होंने कहा की बीते 5 साल से देश में मोदी सरकार का लोहा देश-विदेश ने माना है। आज तक मोदी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा हैं जबकि कांग्रेस के शासनकाल में सैकड़ों भ्रष्टचार हुए हैं।
 

Nitika