सड़क हादसे में शिक्षा मंत्री के बेटे की मौत पर सीएम और पूर्व CM ने व्यक्त किया शोक

punjabkesari.in Wednesday, Jun 26, 2019 - 01:10 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय के बेटे अंकुर पांडेय की सड़क हादसे में मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि अंकुर पांडेय की सड़क हादसे में असमय मृत्यु का बेहद दुखद समाचार मिला है। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर से कामना करते हैं कि अंकुर की आत्मा को शांति और पांडेय परिवार को इस असहनीय दुख से उबरने की शक्ति प्रदान करें। वहीं हरीश रावत ने ट्वीट कर कहा कि अंकुर पांडे की सड़क दुर्घटना में असमय मृत्यु का दुखद समाचार बेहद हृदयविदारक हैं। वह ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए और दुख इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।

पूर्व सीएम ने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है और उसका करीबी दोस्त गंभीर अवस्था में हैं। उन्होंने कहा कि किन शब्दों में अरविंद पांडे को सांत्वना दें, शब्द खोजना बहुत कठिन है। कितना कठिन होता है व्यक्ति के लिए जवान पुत्र की चिता को सजते देखना, बहुत हृदय विदारक है। हम सबकी सांत्वना, सारे राज्य के लोगों की सांत्वना, संवेदनाएं अरविंद पांडे और गंभीर रूप से घायल युवक के परिवार के साथ हैं।

Nitika