सीएम ने मनोहर पर्रिकर के निधन पर व्यक्त किया दुख, कहा- देश ने एक असाधारण व्यक्तित्व को खोया

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 10:42 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मनोहर पर्रिकर के निधन का दुख समाचार मिलने से मन बहुत दुखी है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि मनोहर जी के निधन से देश ने एक असाधारण व्यक्तित्व के नेता को खो दिया है। मनोहर जी ने जीवन के अंतिम क्षण तक देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें।

वहीं सीएम रावत ने कहा कि मनोहर जी की बीमारी का समाचार मिलने पर जब वह गोवा गए तो उनको बीमारी से जूझते हुए भी कार्य करते देखा। यह उनका असाधारण व्यक्तित्व और जीवट ही था जिसने उनको अंतिम समय तक देश की सेवा की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मनोहर जी का निधन उनके लिए एक व्यक्तिगत क्षति है और इस दिवंगत आत्मा को वह नमन करते हैं।

गौरतलब है कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का रविवार को अपने निजी आवास में निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। पिछले एक साल से बीमार चल रहे पर्रिकर का स्वास्थ्य 2 दिन पहले बहुत बिगड़ गया था।  

 

Nitika