सीएम ने योग महोत्सव का किया शुभारंभ, विश्व के 90 देशों से योग विद्यार्थी हुए शामिल

punjabkesari.in Friday, Mar 02, 2018 - 04:51 PM (IST)

ऋषिकेशः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को योग कैपिटल ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ किया। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री हरक सिंह रावत व कृषि मंत्री सुबोध उनियाल आदि भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से दुनिया के सैंकड़ों देश योग का अनुसरण कर रहे है और फिटनेस से वेलनेस की तरफ बढ़ रहे है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग जरुरी है। योग मानसिक शांति और अाध्यात्म की राह भी दिखाता है। 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए योग करना जरूरी है।पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज भारत विश्व को योग और आध्यात्म का ज्ञान दे रहा है। योग विश्व शांति के पथ पर ले जाने का कार्य कर रहा है। इस दौरान वन मंत्री ने कहा कि हजारों वर्षों से हिमालय की तलहटियों में ऋषियों ने योग साधना की है। उत्तराखण्ड की धरती हमेशा से ही योग के लिए प्रसिद्ध रही है। इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि भारत योग की जननी है और दुनिया को योग सिखाने का कार्य हमारे योग गुरू कर रहे हैं।
योग महोत्सव में विश्व के करीब 90 देशों से लगभग 1500 से अधिक योगाचार्य, योग जिज्ञासु और योग विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। प्रतिदिन योग की 200 से अधिक कक्षाएं चलेंगी, जिसमें मुख्य रूप से अष्टांग योग, आयंगर योग, विन्यास योग, कुंडलिनी योग, जीवमुक्ति योग, सिंतोह योग, सोमैटिक योग, हठ योग आदि प्रस्तुत किए जाएंगे।