थराली उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनाव प्रचार किया शुरु, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Saturday, May 12, 2018 - 04:34 PM (IST)

थरालीः उत्तराखंड में थराली विधानसभा के उपचुनाव 28 मई को होने जा रहे हैं। इसको लेकर भाजपा, कांग्रेस सहित 3 और दलों के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन करवाया है। सभी पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने चुनाव की तारीख पास आते ही अपने-अपने स्तर पर चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के उम्मीदवार जीतराम के प्रचार के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह विकासखंड घाट के कुरुड़ गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नंदा देवी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना भी की। इसके उपरान्त उन्होंने ग्रामीणों के साथ बातचीत कर जीतराम मांझी को वोट देने की अपील भी की। प्रीतम सिंह ने कहा कि इस बार का चुनाव धन और जन के बीच है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ भाजपा धन का प्रयोग कर चुनाव जीतना चाहती है, वहीं कांग्रेस को जनता का समर्थन मिल रहा है। 

कांग्रेस के उम्मीदवार जीतराम ने भाजपा से बागी हुए बलबीर घुनियाल और गुड्डू लाल पर 15-15 लाख रुपए लेकर चुनाव प्रचार करने का भी आरोप लगाया। इसके साथ-साथ उन्होंने विकास के नाम पर जनता से वोट की अपील भी की। बता दें कि कुरुड़ गांव में एक दर्ज से अधिक लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। 


 

Nitika