प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक, राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव हुआ पारित

punjabkesari.in Thursday, Oct 12, 2017 - 05:19 PM (IST)

देहरादून (कुलदीप रावत): उत्तराखंड में गुरुवार को राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर पीसीसी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाग लेने के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी जेपी अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत प्रदेश भर के 225 पीसीसी सदस्य देहरादून प्रदेश कार्यालय पहुंचे।


बैठक में राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। चुनाव प्रभारी जेपी अग्रवाल ने बताया है कि वह कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को उत्तराखंड पीसीसी के प्रस्ताव की जानकारी देंगे। इस दौरान जेपी अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी को अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो देश भर में युवा कांग्रेस पार्टी से जुड़ेंगे। युवा नेतृत्व होने के चलते पार्टी को नई दिशा मिलेगी।बैठक में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के लिए बेहतरीन नेतृत्व साबित होंगे। 

वहीं प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पीसीसी पदाधिकारियों द्वारा उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव पारित करने पर धन्यवाद अदा किया। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष चुनती है तो ऐसे में मैं पार्टी को आगे ले जाने के लिए पूरी मेहनत करूंगी।

प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा जा चुका है। राहुल गांधी का कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।