कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, कहा- खुद को असुरक्षित महसूस कर रही महिलाएं

punjabkesari.in Friday, Apr 20, 2018 - 01:16 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में कांग्रेस के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पॉल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। 

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात 
राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश की कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। महिला अत्याचार और हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इतना सब होने के बावजूद भी देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई ठोेस कदम नहीं उठा रहे है। उन्होंने कहा कि देशभर में अराजकता का माहौल है। देशभर में महिलाओं के साथ हो रही बलात्कार, हत्या और अन्य अत्याचारों की घटनाओं से महिलाओं में भय का वातावरण है। भाजपा सरकार में महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी आपसे अनुरोध करती है कि हमारी चिंता से केंद्र और राज्य सरकार को अवगत करवाते हुए राज्यभर में महिलाओं की उचित सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए जाने चाहिए।

महिलाओं की उचित सुरक्षा व्यवस्था करे सरकार: प्रीतम सिंह 
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब से राज्य में भाजपा की सरकार आई है, तब से राज्य सरकार के इशारे पर राजनीतिक बदले की भावना से विपक्षी दलों के कार्यकर्त्ताओं का लगातार शोेषण किया जा रहा है। इसके साथ-साथ कांग्रेस नेताओं को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। कांग्रेस ने राज्य में किसानों को लेकर भी मुआवजे की मांग की है। बता दें कि पिछले दिनों बिना मौसम के ओलावृष्टि से काफी संख्या में खेती प्रभावित हुई है।    


 

Punjab Kesari