कांग्रेस ने राज्य सरकार से की मांग- पेट्रोलियम पदार्थों पर वैट की दरों को किया जाए कम

punjabkesari.in Wednesday, Sep 12, 2018 - 05:54 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से लगातार बढ़ रहे पेट्रोलियम पदार्थों के दामों और महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए राज्यांश के रूप में लिए जाने वाले वैट की दरों में कटौती करने की मांग की है। 

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों जैसे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस आदि के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही प्रीतम सिंह ने कहा कि आम जरुरतों की चीजों विशेष रूप से खाद्य पदार्थों में दामों में भी कई गुना तक वृद्धि हो गई है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार से पीड़ित जनता परेशान है। इस पर राज्य सरकार के द्वारा राज्यांश के रूप में लिए जाने वाले करों के बोझ से उनके जीने की राह और कठिन होती जा रही है। इसी के चलते वैट की दरों में कमी की जानी चाहिए।    
 

Nitika