कांग्रेस ने BJP MLA के भड़काऊ बयान पर व्यक्त की प्रतिक्रिया, मुकदमा दर्ज करने की रखी मांग

punjabkesari.in Sunday, Oct 13, 2019 - 06:15 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के रुद्रपुर से भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा कथित तौर पर एक संप्रदाय विशेष पर की गई विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस ने उन पर राज्य और देश का सौहार्दपूर्ण माहौल खराब करने की चेष्टा करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, विधायक की कथित टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की नीति सदैव देश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की रही है। उन्होंने कहा कि वह केंद्र और राज्य में सत्तासीन होने के बाद से एक सोची समझी साजिश के तहत संप्रदाय विशेष के लोगों पर निशाना साध कर आम जनता का ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि संप्रदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी करने वाले ठुकराल अकेले विधायक नहीं हैं बल्कि इससे पहले एक अन्य भाजपा विधायक ने भी अल्पसंख्यकों के प्रति जहर उगला था। वहीं प्रीतम सिंह ने कहा कि गंगा-जमुनी संस्कृति के वाहक उत्तराखंड में भाजपा की सरकार सांप्रदायिक माहौल खराब कर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इस कुचेष्टा को कभी कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

बता दें कि हाल में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें ठुकराल अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता को संबोधित करते हुए यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्हें मुसलमानों के समर्थन की कोई जरुरत नहीं है और वह किसी मुसलमान या मस्जिद के आगे कभी सिर नहीं झुकाएंगे। विधायक की इस टिप्पणी का गंभीर संज्ञान लेते हुए भाजपा ने शनिवार को उन्हें नोटिस जारी कर इसका स्पष्टीकरण मांगा।

Nitika