‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का मतलब ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत’ हैः मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 12:06 PM (IST)

देहरादून: पूर्वोत्तर में चली भाजपा की लहर पर खुशी जाहिर करते हुए उत्तराखंड़ के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का मतलब ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत’ है।

भाजपा राज्य मुख्यालय में रावत ने कहा कि पूर्वोत्तर में भाजपा का परचम लहराया है और यह भाजपा की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी विकासोन्मुख नीतियों को जाता है जिसमें ‘सबका साथ सबका विकास’ प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने कहा कि अब देश की 70 प्रतिशत आबादी में भाजपा या राजग के घटक दलों की सरकारें हैं। ठीक इसी तरह कर्नाटक, उडीसा और पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को अनपेक्षित परिणाम मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर में भाजपा की जीत का सिलसिला वर्ष 2016 में असम में मिली जीत से शुरू हुआ था और अब त्रिपुरा में वामपंथ को भी कुचल दिया गया है। एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस मुक्त भारत का मतलब भ्रष्टाचार मुक्त भारत है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी की विकासोन्मुख नीतियां बिना किसी भेदभाव के चल रही हैं और इसका उदाहरण यह है कि सिक्किम जैसे पहाड़ी क्षेत्र में भी रेल और हवाई सेवा पहुंच रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर को अब थाईलैंड से जोड़ने की कवायद भी शुरू की गई है। उत्तराखंड में होने वाले निकाय चुनावों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ निकायों का मसला उत्तराखंड उच्च न्यायालय में लंबित है और चुनाव कराने से पहले राज्य सरकार न्यायालय के फैसले का इंतजार करेगी।