कांग्रेस सदस्य सुमित हृदयेश ने 2 दिवसीय पूर्ण लॉकडाउन के विरोध में दिया सांकेतिक धरना

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2020 - 05:46 PM (IST)

हल्द्वानीः उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कांग्रेस समिति के सदस्य सुमित हृदयेश ने प्रदेश में घोषित दो दिवसीय पूर्ण लॉकडाउन के विरोध में शनिवार को सांकेतिक धरना दिया। हृदयेश अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज अपराह्न एक बजे नैनीताल रोड में तिकोनिया चौराहे पर अकेले सांकेतिक धरने पर बैठे और बाद में अपराह्न दो बजे उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम नारों के उदघोष के साथ धरना समाप्त किया।

इस दौरान उन्होंने शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए संवाददाताओं से कहा कि त्रिवेन्द्र सिंह रावत सरकार ने जहां पूर्णबंदी में भी शराब की दुकानों को छूट प्रदान कर अपनी कमाई के प्रतिष्ठानों को खोला है वहीं व्यापारियों की कमाई के दो मुख्य दिवसों शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन घोषित करने का फैसला लिया है।

हृदयेश ने कहा कि वह सांकेतिक धरने के जरिए प्रदेश सरकार को आमजनों के हित को द्दष्टिगत रखते हुए निर्णय लेने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से प्रश्न किया कि क्या आम आदमी को कमाई करने का कोई अधिकार नहीं है। हृदयेश ने धरने पर बैठकर त्रिवेन्द्र सिंह रावत मुर्दाबाद और व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करो, गरीबों का उत्पीड़न बंद करो के जोर शोर से नारे भी लगाए।

Edited By

Diksha kanojia