BJP की जनता से 'वादाखिलाफी' के विरोध में कांग्रेस ने उत्तराखंड में निकाली जनाक्रोश रैली

punjabkesari.in Monday, Mar 15, 2021 - 02:21 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अराजकता और भाजपा की जनता से 'वादाखिलाफी' के विरोध में कांग्रेस ने पौड़ी जिले के श्रीनगर में जनाक्रोश रैली निकाली तथा जनसभा की।

उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आहवान पर हुई इस जनाक्रोश रैली में इंदिरा ह्रदयेश के अलावा पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव सहित किशोर उपाध्याय और मनीष खंडूरी तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देवप्रयाग के दर्शन कर भगवान राम से जन विजय की कामना करते हुए यात्रा आरम्भ किया।

वहीं जनाक्रोश रैली के दौरान रामलीला मैदान तथा गोला बाजार में आयोजित विशाल सभाओं को सम्बोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा महंगाई, बेईमानी व बेरोजगारी को नियंत्रित करने में न सिर्फ पूरी तरह असफल रही, बल्कि इनके संवर्धन में संलिप्त रही। उन्होंने कहा, ' चाहे लोकायुक्त की नियुक्ति का प्रकरण हो, या घोटालों की जांच का, सरकार हमेशा टालमटोल करती दिखी।' उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे युवाओं को रोजगार दिलाने में असफल रही और यही नहीं, पहले से मौजूद रोजगार के अवसर भी उसने समाप्त कर दिए गए।

प्रीतम सिंह ने कहा कि महंगाई ने तो आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है और आज पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। रैली में उमड़े जनसैलाब से उत्साहित सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती जनता ने शुरू कर दी है और लोगों का कांग्रेस के प्रति यह सहयोग व समर्थन निश्चित ही उत्तराखंड के लिए एक नया सवेरा लेकर आएगा।
 

Content Writer

Nitika