राष्ट्रपति पर कांग्रेस सांसद और सोनिया पर भाजपा की टिप्पणी का उत्तराखंड में भी असर

punjabkesari.in Friday, Jul 29, 2022 - 06:11 PM (IST)

देहरादूनः लोकसभा में कांग्रेस सांसद की राष्ट्रपति पर अमर्यादित टिप्पणी और कांग्रेस अध्यक्ष पर भाजपा सांसद की टिप्पणी का असर उत्तराखंड में दोनों पाटिर्यों में दिखने लगा। दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष ने यहाँ इस सम्बन्ध में चुनौती भरे बयान जारी किए हैं। भाजपा ने पूरे राज्य में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया और स्थान-स्थान पर सोनिया गांधी के पुतले फूंके।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संसद में जो कुछ भी हुआ, वह स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकती है। अधीर रंजन चौधरी से गलती हुई है तथा वे अपनी गलती के लिए माफी भी मांग चुके थे। परन्तु इसके बावजूद भाजपा सरकार की वरिष्ठ मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा वरिष्ठ सांसद एवं कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।

माहरा ने सफाई देते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल की नेता वरिष्ठ सांसद एवं पार्टी की प्रमुख नेता होने के नाते सांसद रमा देवी के पास गई थी। तब उनके साथ इस प्रकार का शर्मनाक व्यवहार सांसद और संसद की मर्यादा के खिलाफ है, जिसकी हम निन्दा करते हैं। इसके साथ, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन-प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने भी संसद में सोनिया के साथ हुए आपत्तिजनक और शर्मनाक व्यवहार पर क्षोभ व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार की मंत्री स्मृति ईरानी से क्षमा मांगने की मांग की है। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस ने मर्यादा की सभी हदें पार कर दी है।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति के खिलाफ बयानबाजी कर अपना चेहरा फिर उजागर कर दिया है और इससे यह फिर साबित हो गया है कि वह संविधान, महिला, आदिवासी विरोधी है और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन महिला के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष ने ही निर्देश दिए। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का यह कृत्य संस्कार विहीन, मूल्य विहीन तथा संविधान को चोट पहुंचाने वाला है। जब से राष्ट्रपति के पद पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन किया तो कांग्रेस की घृणा उजागर हो गयी और कभी उन्हें रबर स्टेम्प तो कभी अशुभ तक संबोधित करने के बाद अब उन्हे अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी से नवाजा जा रहा है। कांग्रेस एक गरीब आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद पर पचा नहीं पा रही है।

इतना ही नहीं, भाजपा ने आज संसद में राष्ट्रपति की टिप्पणी के बाद पूरे राज्य में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किए और स्थान-स्थान पर श्रीमती गांधी के पुतले फूंके। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह सब कांग्रेस अध्यक्ष के इशारे पर किया जा रहा है और अस्तित्व बचाने में जुटी कांग्रेस को देश की जनता माफ नहीं करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static