BJP सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बेरोजगारी सहित कई मुद्दों पर सरकार को बताया विफल

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2020 - 05:32 PM (IST)

 

देहरादूनः कांग्रेस ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार के विरूद्ध वनरक्षक भर्ती, परिवहन निगम की बसों के किराए में वृद्धि, बढ़ते भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी पार्क के सामने एकत्र हुए, जहां उन्होंने प्रदेश पार्टी अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार बेरोजगारी सहित सभी मोर्चों पर विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर बेरोजगारी के कारण राज्य के युवाओं की लाइन लंबी होती जा रही है वहीं भाजपा सरकार में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित वनरक्षकों जैसी परीक्षाओं में घोटाला कर राज्य के बेरोजगार युवाओं को छलने का काम किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने महंगाई से आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है और उसे रोकने में अपनी नाकामी का बोझ आम जनता के कंधों पर डाल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने परिवहन निगम की बसों के किराए, रसोई गैस के दामों, बिजली, पानी के करों में वृद्धि कर आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static