रुद्रप्रयाग भूस्खलन हादसाः कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

punjabkesari.in Saturday, Dec 22, 2018 - 06:24 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर ऑल वेदर रोड के नाम पर पहाड़ों का अंधाधुंध कटान के कारण भूस्खलन का खतरा पैदा करने का आरोप लगाते हुए रुद्रप्रयाग जिले में हुए हादसे की उच्च स्तरीय जांच करवाने और पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ क्षेत्र में भीरी और बांसवाडा के बीच पहाड़ी से शुक्रवार दोपहर भूस्खलन होने के कारण सडक निर्माण में लगे 7 मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक अन्य लापता हो गया। घटना में 3 अन्य मजदूर घायल भी हुए हैं। प्रीतम सिंह ने रुद्रप्रयाग हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ऑल वेदर रोड़ के नाम पर पहाडों का अंधाधुंघ कटान किया जा रहा है, जिससे सड़क किनारे कई गांवों को भूस्खलन का खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सड़क के निर्माण कार्य में लगी कंपनियां मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप बांसवाडा में कई मजदूरों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए निर्माणकारी संस्था के साथ-साथ केन्द्र और राज्य सरकार को भी जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा जिन बाहरी बड़ी-बड़ी कम्पनियों को निर्माण का कार्य दिया गया है उन्हें पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण का अनुभव तक नहीं है। प्रीतम सिंह ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच करवाए जाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static