पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस 10 सितम्बर को करेगी भारतबंद

punjabkesari.in Saturday, Sep 08, 2018 - 06:37 PM (IST)

देहरादून (कुलदीप रावत)-पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में हुई वृद्धि से कांग्रेस पार्टी राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों पर हमलावर हो गई। पार्टी इसके विरोध में 10 सितम्बर को भारत बंद करने जा रही है। राफेल विमान डील के बाद यह दूसरा मौका है जब कांग्रेस-भाजपा सरकार को घेरने जा रही है।

2019 में लोकसभा चुनाव और इस वर्ष प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की सरकारों पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस राज्य में महिलाओं और किशोरियों पर अत्याचार  समेत कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर प्रहार करने से भी नहीं चूक रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि सरकार नियंत्रण खो रही है। इसका खामियाजा जनता को महंगाई बढ़ने के रूप में भुगतना पड़ रहा है। रुपया अपने निचले स्तर पर है। राज्य की आर्थिक स्थिति खराब है। कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का भत्ता और एरियर नहीं दिया जा रहा है। कर्ज लेकर वेतन-पेंशन का भुगतान करना पड़ रहा है। इसके खिलाफ सड़कों पर उतरा जाएगा।

Deepika Rajput