कांग्रेस ने राहुल गांधी से पुनः पार्टी अध्यक्ष बनने का किया आग्रह

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2020 - 12:41 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्षों की मंगलवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी से पुनः पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया गया।

पार्टी उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में 5 घंटे तक चली बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा, केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकारों की ‘‘जन विरोधी’’ नीतियों के विरूद्ध प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कीमतों में की जा रही बेतहाशा बढ़ोत्तरी को केंद्र सरकार से तत्काल वापस लेने की सर्वसम्मति से मांग की गई। बैठक में राज्य सरकार से परिवहन विभाग की बसों सहित परिवहन के अन्य साधनों के किराए में की गई बढोत्तरी को तत्काल वापस लेने की मांग की गई तथा ऐसा नहीं होने पर दोनों सरकारों के खिलाफ जारी आन्दोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई।

बता दें कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष इन्दिरा हृदयेश और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी मौजूद रहे।

Nitika