हरीश रावत का दावा- पिथौरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस को मिलेगी सफलता

punjabkesari.in Monday, Nov 18, 2019 - 11:27 AM (IST)

नैनीतालः कांग्रेस के दिग्गज नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पिथौरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस को सफलता हाथ लगने का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ उपचुनाव राज्य सरकार के कार्यों के खिलाफ जनादेश होगा।

जानकारी के अनुसार, हरीश रावत रविवार को राज्य की सांस्कृतिक राजधानी और अपने गृह क्षेत्र अल्मोड़ा पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। पूरे राज्य में निराशा का माहौल है और विकास के काम ठप हैं। सरकार उन्हीं की योजनाओं को आगे बढ़ाने में लगी है। विकास के नाम पर भाजपा ने जनता को ठगा है। उन्होंने कहा कि अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में उन्होंने राज्य के विकास का एक रोडमैप तैयार किया था। उसी को आगे बढ़ाने की जरूरत थी लेकिन साल 2017 के विधानसभा चुनाव ने सब कुछ बदल दिया। उन्होंने इस दौरान केन्द्र सरकार को भी घेरा और कहा कि देश और राज्य में तात्कालिक परिस्थितियां खराब हैं। जनता इन्हें देख रही है और बदलाव चाहती है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि इन सब का असर पिथौरागढ़ उपचुनाव में देखने को मिलेगा और कांग्रेस को सफलता मिलेगी। उन्होंने अल्मोड़ा में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर मिली विजय को सराहा और कहा कि आज भी अल्मोड़ा कांग्रेस का गढ़ है। उन्होंने इसका श्रेय जनता को दिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में हालांकि कांग्रेस को बुरी स्थिति का सामना करना पड़ा था और भाजपा के मुकाबले कांग्रेस को काफी कम सीटों से संतोष करना पड़ा। बता दें कि रावत ने इस दौरान पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया और उत्तराखंड की संस्कृति को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई।

Nitika