CM त्रिवेंद्र का विरोध करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पड़ा भारी, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Feb 29, 2020 - 02:42 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का विरोध करना और उन्हें काला झंडा दिखाना कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। हल्द्वानी पुलिस ने उनके खिलाफ काठगोदाम थाने में मामला दर्ज कर तीनों को शुक्रवार कोे गिरफ्तार कर लिया। बाद में एक अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, काठगोदाम थाना के प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि गुरुवार को जब मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत सकिर्ट हाऊस से हल्द्वानी के मधुबन बैंकट हाल स्थित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे तब युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष गुरप्रीत प्रिंस और उसके सहयोगियों सलीम सिद्दीकी तथा मुकीम ने उन्हें काले झंडे दिखाए और रोकने पर पुलिस दरोगा के साथ धक्कामुक्की की। उन्होंने पुलिस को ड्यूटी करने से भी रोका। इस घटना के बाद शुक्रवार को सुबह तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

नंदन रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों को हल्द्वानी के मुख्य न्यायिक अधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने उन्हें आज जमानत नहीं दी और जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि 6 साल पहले कांग्रेस सरकार में भी मुख्यमंत्री का विरोध करने में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

Ajay kumar