आपदा में बहे झूला पुल का 5 सालों में भी नहीं हुआ निर्माण, ग्रामीणों में दिखाई दिया आक्रोश

punjabkesari.in Saturday, Aug 25, 2018 - 12:16 PM (IST)

रुद्रप्रयागः उत्तराखंड में आपदा के इतने सालों के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। आपदा में बहे पुल का निर्माण 5 सालों के बाद भी नहीं हो पाया है। इससे आज तक भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

ग्रामीण आवागमन के लिए ट्राली का ले रहे सहारा 
जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के विजयनगर इलाके में 2013 में आई आपदा में झूला पुल टूटकर बह गया था। पुल के टूटने के कारण लोगों को पिछले 5 सालों से आवागमन के लिए ट्राली का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे कई बार लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। वहीं पुल टूटने के कारण दर्जनों गांव का संपर्क मुख्य बाजार से टूट गया है। इतने सालों से कई बार भाजपा और कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्रियों ने पुल निर्माण को लेकर घोषणाएं की लेकिन आज तक भी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने कई बार सड़कों पर उतरकर किया आन्दोलन 
बता दें कि आपदा के इतने सालों के बाद भी केदारघाटी में जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। इसके साथ ही निर्माण कार्य की गति धीमी होने के कारण क्षेत्र का विकास नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों के द्वारा कई बार सड़कों पर उतरकर आन्दोलन भी किया गया लेकिन इसके बावजूद भी निर्माण नहीं हो रहा है। 

Nitika