थाने तक पहुंचा मोदी आरती को लेकर उठा विवाद, कांग्रेस ने BJP के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2020 - 10:43 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरती को लेकर उठा विवाद पुलिस थाने तक पहुंच चुका है। कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ देहरादून कोतवाली में शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं इस आरती को डॉ. रेनू पंत ने लिखा था। यह रेनू पंत कौन हैं, इसका अभी तक किसी को पता नहीं चल रहा है।

धन सिंह रावत ने लॉन्च की थी मोदी आरती
आरती उस समय लांच कर दी गई थी जब जब भाजपा के विधायक गणेश जोशी ने एक कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम में राज्य के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत मौजूद थे। उसी समय कार्यकर्ताओं के कहने पर धन सिंह रावत ने मोदी की आरती लॉन्च कर दी थी। उस समय से कांग्रेस, मंत्री और भाजपा के पीछे पड़ी हुई है।

कांग्रेस ने इसे सनातन धर्म का बताया अपमान
वहीं उत्तराखंड महिला कांग्रेस की देहरादून महानगर इकाई ने भाजपा के खिलाफ देहरादून कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि हाल ही में भाजपा ने दुर्गा आरती से छेड़छाड़ करते हुए पीएम मोदी की एक आरती बनाई है, जो राज्य सरकार के एक मंत्री और विधायक द्वारा लॉन्च की गई है। महिला कांग्रेस ने इसे सनातन धर्म और देवी देवताओं का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ करवाई की मांग की है।

पुलिस ने अभी नहीं किया मुकदमा दर्ज
बता दें कि तहरीर में महिला महानगर कांग्रेस की अध्यक्ष कमलेश रमन आदि के हस्ताक्षर हैं। पुलिस की ओर से अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस के द्वारा जांच करने की बात कही जा रही है।

Nitika