उत्तरकाशीः गंगोत्री धाम में मनाया गया गंगा दशहरा पर्व, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

punjabkesari.in Friday, May 25, 2018 - 02:19 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री धाम में गुरुवार सुबह से ही गंगा दशहरे की धूम रही। इस मौके पर हजारों की संख्या में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जल में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं गंगोत्री धाम में डुबकी लगाकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा था। 

श्रद्धालुओं ने गंगा दशहरा पर्व पर लगाई आस्था की डुबकी 
जानकारी के अनुसार, गंगोत्री धाम में गुरुवार सुबह 4 बजे मां गंगा का महाभिषेक किया गया। इस दौरान राजा भागीरथ की मूर्ति को डोली में बैठाकर गंगा घाट पर लाया गया। वहां राजा भागीरथ की ओर से मां गंगा की पूजा करवाई गई। गंगोत्री धाम में गंगा दशहरे पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं और देवडोलियों ने गंगा में डुबकी लगाई। गंगा दशहरे के दिन गंगा धरती पर अवतरित हुई थी। इस दिन की अपनी ही मान्यता है। धाम का नजारा उस समय बदल गया जब इस पर्व के महत्व को मानते हुए स्थानीय लोग और तीर्थयात्री सभी मां गंगा के दर पर पहाड़ के पारंपरिक रासों नृत्य भजन के साथ झूमते नजर आए। धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।

बागेश्वर में भी धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व 
मान्यता है कि दशहरा पर्व के दिन ही मां गंगा शिवजी की जटाओं से धरती पर अवतरित हुई थी। इस दिन जो भी श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाता है, उसे अलग ही पुण्य लाभ अर्जित होता है। इसके अतिरिक्त बागेश्वर जिले में भी गंगा दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने सरयू नदी के पावन जल में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके साथ-साथ घरों के द्वार पर भी दशहरा पत्र लगाकर भगवान से परिवार की सुख और शांति की कामना की गई। गुरुवार सुबह से ही सरयू नदी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी।     

Nitika