हिमस्खलन से बर्फ में और नीचे दबे नंदा देवी चोटी पर लापता हुए पर्वतारोहियों के शव

punjabkesari.in Sunday, Jun 16, 2019 - 05:05 PM (IST)

पिथौरागढ़ः उत्तराखंड की नंदा देवी पूर्वी चोटी के रास्ते पर लापता हुए पर्वतारोहियों के शव फिर से हिमस्खलन होने के बाद बर्फ में काफी नीचे दब गए हैं।

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी वीके जोगडांगे ने जानकारी देते हुए बताया कि शवों को निकालने गई आईटीबीपी की टीम को खुदाई करनी होगी क्योंकि हिमस्खलन होने के कारण शव बर्फ के नीचे दब गए हैं। इसके साथ ही आईटीबीपी के डीआईजी एपीएस निम्बारिया ने कहा कि आईटीबीपी ने उत्तरकाशी से उच्च स्थानों पर खुदाई करने वाली अपनी टीम को बुलाया है, जो 17800 फुट की ऊंचाई पर मौजूद शवों को निकालकर 13000 फुट की ऊंचाई पर बेस कैंप- 2 पर ले जाएंगी। इसके बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर बेस कैंप से शवों को पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय ले जाएंगे।

वहीं जिला मजिस्ट्रेट ने शवों की खोज और बचाव अभियान की तैयारी पर कहा कि भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने सभी तरह की सामग्री को नंदा देवी पूर्वी चोटी के बेस-2 पर उतार दिया है और 4 दिन बाद खोज और बचाव टीम शवों तक पहुंच जाएगी। बता दें कि भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने 3 जून को नंदा देवी चोटी के पश्चिमी हिस्से में एक चोटी के पास 3 शव देखे थे।

 

Nitika