अजय भट्ट का फैसला- BJP विधायकों के झगड़े को सुलझाने के लिए 3 सदस्यीय कमेटी का होगा गठन

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 11:36 AM (IST)

 

हरिद्वारः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हस्तक्षेप के बावजूद भी हरिद्वार के दोनों भाजपा विधायकों के बीच झगड़ा शांत नहीं हुआ। यह मामला अब नैनीताल हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट अब फिर से संगठन स्तर पर इस मामले को सुलझाने की बात कर रहे हैं और दोषी विधायक पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, अजय भट्ट हरिद्वार के चेतन ज्योति आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों के विवाद मामले की जड़ तक जाने के लिए उनके द्वारा 3 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों की लड़ाई में नुक्सान संगठन को नहीं बल्कि दोनों विधायकों को ही हो रहा है। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 1-2 दिनों में कमेटी गठित कर दी जाएगी। कमेटी के द्वारा जांच करने के बाद जो भी विधायक दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ संगठन स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि लोकसभा चुनावों से पहले हरिद्वार की झबरेड़ा विधानसभा के भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल और खानपुर विधानसभा से भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच जुबानी जंग जारी है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हस्तक्षेप के बाद यह विवाद शांत हो गया था लेकिन कर्णवाल के हाईकोर्ट जाने के बाद एक बार फिर से यह विवाद गहरा गया है।

Nitika