उत्तराखंड में वनाग्नि की घटनाओं में आई कमी... 21 नई घटनाएं आईं सामने, एक व्यक्ति घायल

punjabkesari.in Monday, Apr 25, 2022 - 03:18 PM (IST)

 

देहरादूनः गर्मी के कारण उत्तराखंड के जंगलों में धधकती आग की घटनाओं में पिछले कुछ दिनों से दर्ज की जा रही कमी रविवार को भी जारी रही, जहां राज्यभर में वनाग्नि की कुल 21 नई घटनाएं सामने आईं। हालांकि, वनाग्नि में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे तक राज्य के गढ़वाल क्षेत्र में 7 और कुमाऊं क्षेत्र में 14 नई जगहों पर वनाग्नि की सूचना है। इन घटनाओं में जहां 27.97 हेक्टेयर वन क्षेत्र को आग ने अपनी चपेट में ले लिया, वहीं एक व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। वनाग्नि की घटनाओं से 76,410 रुपए का आर्थिक नुकसान भी हुआ है।

जानकारी के अनुसार, राज्य में 19 अप्रैल को वनाग्नि की सर्वाधिक 117 घटनाएं सामने आई थीं, जिनसे 198.9 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था और 5,28,000 रुपए की आर्थिक क्षति हुई थी। हालांकि, उसके बाद 20 अप्रैल को 78, 21 अप्रैल को 104, 22 अप्रैल को 91 और शनिवार को जंगलों में आग लगने की 55 घटनाएं सामने आईं।

वहीं 15 फरवरी से शुरू हुए 'फायर सीजन' में अब तक राज्य में वनाग्नि की कुल 1070 घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें 1112.47 हेक्टेयर आरक्षित वन सहित कुल 1571.73 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इसमें अब तक 42,78,089 रुपए की आर्थिक क्षति का अनुमान लगाया गया है। वनाग्नि की इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत के अलावा 3 अन्य घायल भी हुए हैं।

Content Writer

Nitika