पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा के विरोध में हड़ताल पर देहरादून के डॉक्टर, मरीज परेशान

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2019 - 12:32 PM (IST)

देहरादूनः पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा के विरोध में आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आह्वान पर देशभर में डॉक्टरों के साथ आज उत्तराखंड के डॉक्टर भी हड़ताल पर हैं। इसके कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, राजधानी देहरादून के लगभग 600 छोटे-बड़े निजी नर्सिंग होम सोमवार सुबह 6 बजो से लेकर मंगलवार सुबह 6 बजे तक बंद रहेंगे। इसके साथ ही सरकारी डॉक्टरों ने भी 8 से 10 बजे तक ओपीडी बंद करके आंशिक रूप से सरकारी डॉक्टरों का साथ दिया। वहीं आईएमए देहरादून शाखा के अध्यक्ष डॉ. संजय गोयल ने बताया कि जिले के लगभग 2000 डॉक्टर आज हड़ताल पर हैं। इसके साथ ही विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बता दें कि डॉक्टरों ने मांग करते हुए कहा कि देशभर में बहुत से कानून बनाए गए हैं लेकिन डॉक्टरों के लिए कोई विशेष कानून नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि मरीजों के परिजनों के द्वारा हंगामा और तोड़फोड़ की जाती है। इसके साथ ही डॉक्टरों के साथ अभद्रता भी की जाती है लेकिन अब देशभर में ऐसी घटनाएं बहुत बढ़ गई है।
 

Nitika