महंगाई पर भड़की महिला कांग्रेसी कार्यकत्रियां

punjabkesari.in Wednesday, Oct 11, 2017 - 10:54 AM (IST)

हरिद्वार: महिला कांग्रेसी कार्यकत्रियों ने चंद्राचार्य चौक पर एकत्र होकर घरेलू सिलैंडर के बढ़े दामों एवं खाद्य पदार्थों में बेतहाशा मूल्य वृद्धि के खिलाफ केन्द्र सरकार के खिलाफ  जोरदार नारेबाजी की।

महिला कार्यकत्रियों ने गैस सिलैंडर के साथ-साथ आलू-प्याज, टमाटर व बैंगन को हाथ में लेकर अपना विरोध प्रकट किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सरिता आर्य ने कहा कि केन्द्र सरकार के वायदे जनता पर भारी पड़ रहे हैं। 

गैस सिलैंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि और आलू, बैंगन, प्याज, लौकी व टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन केन्द्र सरकार जनता को गुमराह कर अच्छे दिनों की बात कर रही है। घरेलू महिलाएं महंगाई से परेशान हैं। गरीब लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। अच्छे दिन का नारा देने वाली भाजपा सरकार जनता को राहत देने में नाकामयाब साबित हो रही है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष किरण सिंह ने कहा कि गरीबों के मुंह का निवाला छीनने का काम केन्द्र सरकार कर रही है। आए दिन खाद्य पदार्थों में बेतहाशा मूल्य वृद्धि की जा रही है। त्यौहारों के सीजन में लोग महंगाई से त्रस्त हैं। नोटबंदी के पश्चात जीएसटी व्यापारियों के लिए दुखदाई बना हुआ है। देश के प्रधानमंत्री मात्र झूठे वायदे कर जनता को छलने का काम कर रहे हैं। महंगाई पर केन्द्र का नियंत्रण फेल हो चुका है। जीएसटी व्यापारियों के लिए अनेकों मुश्किलें पैदा कर रहा है।