राजस्थान के डिप्टी CM ने कांग्रेस के टिहरी प्रत्याशी के लिए मांगे वोट, मोदी सरकार पर खड़े किए सवाल

punjabkesari.in Sunday, Apr 07, 2019 - 02:37 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के स्टार प्रचारक राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टिहरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रीतम सिंह के लिए जनता को वोट देने की अपील की।

जानकारी के अनुसार, सचिन पायलट ने अपने संबोधन में भाजपा पर हमला करते हुए भाजपा की सरकार को झूठे वादे, जुमलेबाजी और हिंदू मुस्लिम को लड़ाने की सरकार बताया। इसके साथ ही उन्होंने मोदी सरकार पर कई सवाल भी खड़े किए। उन्होंने कहा भारत में उद्योगों की स्थिति ठप है और नौजवान बेरोजगार है। इसके साथ ही भाजपा सरकार ने महंगाई चरम सीमा पर बढ़ा दी है।

वहीं राजस्थान के उपमुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार को तानाशाह बताते हुए कहा कि भाजपा इस देश में लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो इस देश में आगे चुनाव होगा या नहीं, इसका कोई भरोसा नहीं है।

Nitika