CM धामी आज करेंगे बड़ा ऐलान, भंग हो सकता है त्रिवेंद्र सरकार में बना देवस्थानम बोर्ड

punjabkesari.in Wednesday, Nov 24, 2021 - 03:57 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बड़ा ऐलान कर सकते हैं। वह त्रिवेंद्र सरकार में बने देवस्थानम बोर्ड को भंग कर सकते है। दरअसल, बोर्ड के खिलाफ तीर्थ पुरोहित के द्वारा लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर अपने आंदोलन को और धार देते हुए चारों धामों के ती​र्थ पुरोहितों ने उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों के आवासों का घेराव किया। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड के गठन के प्रावधान वाले अधिनियम को वापस लेने के लिए राज्य सरकार पर दवाब बनाने के वास्ते मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर धरना दिया तथा ‘शीर्षासन' भी किया। इस दौरान सुबोध उनियाल अपने घर से बाहर आए और पुरोहितों से बातचीत की। उन्होंने पुरोहितों से 30 नवंबर तक इंतजार करने को कहा ​और संकेत दिया कि इसके बाद इस संबंध में कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्रित्व काल में 2019 में गठित चारधाम देवस्थानम बोर्ड का चारों धामों-बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहित शुरू से ही विरोध कर रहे हैं और इसे भंग किए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। उनका मानना है कि बोर्ड का गठन उनके पारंपरिक अधिकारों का हनन है।

तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि वे ‘चारधाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत' के बैनर तले 7 दिसंबर से गैरसैंण में शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा भवन का भी घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि वे यहां 27 नवंबर को 'काला दिवस' मनाते हुए विरोध मार्च भी करेंगे। इसी दिन राज्य मंत्रिमंडल ने देवस्थानम बोर्ड के गठन को अपनी मंजूरी दी थी। इस दौरान यहां गांधी पार्क से लेकर राज्य सचिवालय तक 'आक्रोश रैली' भी निकाली जाएगी।
 

Content Writer

Nitika