गुरु पूर्णिमा पर हरकी पौड़ी में उमड़ा भारी जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 16, 2019 - 04:27 PM (IST)

हरिद्वारः देशभर में गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दिन गंगा स्नान का भी विशेष महत्त्व होता है। इसी के चलते हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का कहना है कि गुरु पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान और दान पुण्य करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है इसलिए हम मां गंगा में स्नान करने हरिद्वार आए हैं। उन्होंने कहा कि आज के दिन सभी अपने गुरु की पूजा करते हैं हमें गंगा स्नान करके काफी अच्छा लगा है। 

पतंजलि योगपीठ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु पर्व 
वहीं योग गुरु स्वामी रामदेव के पतंजलि योगपीठ में भी गुरु पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वामी रामदेव ने इस अवसर कहा कि कि भारत जल्दी ही विश्व शक्ति बनेगा और सारी दुनिया आज भारत की ओर देख रही है। 2050 तक भारत आध्यात्मिक और अर्थ व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत में इस समय ऐसा माहौल है कि ऋषि परंपरा बेहद मजबूत हो रही है। 

रामदेव ने प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित 
इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने उन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया किया, जिन बच्चों ने कंठस्थ गीता और वेद मंत्र याद किए थे। बच्चों की अद्भुत बौद्धिक क्षमता से स्वामी रामदेव बेहद प्रभावित हुए। बता दें कि हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। सभी आश्रमों, अखाड़ों और मठ मंदिरों में आए भक्तो ने अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।


 

Nitika