विजय दिवस पर पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों को किया सम्मानित

punjabkesari.in Friday, Dec 17, 2021 - 11:20 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विजय दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सैनिक सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम में आए प्रत्येक पूर्व सैनिक के पास जाकर शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को विजय दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि वीर सैनिकों के सम्मान से देश का स्वाभिमान एवं सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी भी पूर्व सैनिक नहीं होता वह सदैव वीर सैनिक ही रहता है। उन्होंने सैनिकों के सम्मान की इस परम्परा को आगे भी बनाए रखने की बात कही। धामी ने कहा कि यह लोकतंत्र की महानता तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं दल के नेतृत्व की शुभ कामनाओं का प्रतिफल है कि एक सैनिक के बेटे को मुख्य सेवक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैन्य बलों की मजबूती तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं एवं साज सामान उपलब्ध करवाने, वन रैंक वन पेंशन की सुविधा के साथ ही जवानों को गोली का जवाब तुरंत गोली से देने की छूट देकर सैनिकों को उनका वास्तविक सम्मान एवं श्रेय देने का कार्य किया है। आज हमारी सेना दुश्मन के घर जाकर उनका मुकाबला करती है। उन्होंने कहा कि हमारी सशक्त एवं मजबूत सेना के कारण दुनिया में हमारे देश का हौसला बुलंद हो रहा है। |

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सेना को दिए गए सम्मान की परम्परा का प्रतिफल है कि आज सभी सेना का सम्मान करने के लिए मजबूर हैं। आज भारत बदल रहा है। उन्होंने कहा कि देश का स्वाभिमान बढ़ रहा है। उन्होंने स्वयं को सैनिक का बेटा व भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन सेना से सीखा है। सैनिकों के कल्याण के लिए जो भी जरूरी होगा उसके लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि देहरादून में शीघ्र ही भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static