धामी ने जागेश्वर के प्रसिद्ध श्रावणी मेले का किया शुभारंभ, करोड़ों की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास

punjabkesari.in Sunday, Jul 17, 2022 - 01:44 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जागेश्वर धाम का विकास मानस मंदिर माला परियोजना के तहत किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर 12.35 करोड़ की छह विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

पुष्कर सिंह धामी का अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम पहुंचने पर जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने सबसे पहले श्रावणी मेला का शुभारंभ किया और उसके साथ ही पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में नई शिक्षा नीति लागू होने से राज्य में शिक्षा प्रणामी में व्यापक सुधार होगा। काफी परिवर्तन देखने को मिलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस कानून के लागू होने से 20 से 50 प्रतिशत केस खत्म हो जाएंगे, जिससे जनता को राहत मिल सकेगी।

वहीं मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता को लोकपर्व हरेले की बधाई दी और जागेश्वर धाम परिसर में पौधारोपण भी किया। शिक्षा मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि एक महीने में सौ फीसदी शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अल्मोड़ा जनपद में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।

 

Content Writer

Nitika