धामी ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, उत्तराखंड की खुशहाली की मांगी दुआ

punjabkesari.in Sunday, Oct 17, 2021 - 12:00 PM (IST)

 

अयोध्या/देहरादूनः अयोध्या के 2 दिवसीय दौरे पर आए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई और उत्तराखंड के लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर निर्माण कार्य का अवलोकन किया और साधू-संतों का आशीर्वाद भी लिया।
PunjabKesari
राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने के बाद पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे। धामी अपराह्न लगभग 3 बजे अयोध्या के नाका एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने उन्हे गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद नया घाट स्थित यात्री निवास सरयू होटल पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। शाम को 4:30 बजे नया घाट से चलकर हनुमानगढ़ी राम जन्मभूमि तक जाने वाली राम बरात में शामिल होते हुए पुष्कर सिंह धामी हनुमानगढ़ी पहुंचे। हनुमानगढ़ी में उन्होंने विधिविधान के साथ दर्शन-पूजन किया। हनुमानगढ़ी पीठ के महंत राजूदास की अगुवाई में पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया। इसके बाद वह सीधे रामलला के दरबार में पहुंचे। उन्होंने पहले रामजन्म भूमि में रामलला की पूजा-अर्चना की और फिर उस स्थान को देखने गए जहां रामलला का भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण हो रहा है। इससे पहले यात्री निवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होने कहा कि राजनीति और धर्म हमेशा एक दूसरे के पूरक रहे हैं। हम लोग बचपन से सपना देखा था। वह सपना साकार हो रहा है। मैं स्वयं किसान परिवार से हूं। सैनिक परिवार से हूं। हम लोग लगातार किसानों के लिए काम कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री किसानों की आय दोगुनी करने की योजनाओं कार्य कर रहे हैं। हमारे यहां के किसान हर बात समझते हैं।

धामी ने कहा कि पार्टी ने हमें उत्तराखंड का कमान दिया है। हम उत्तराखंड की जनता की सेवा कर रहे। मेरा कोई राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है। मैं बचपन से यहां आता रहा हूं। उन्होंने उच्च शिक्षा लखनऊ से ग्रहण की है। छात्र जीवन में कई बार उनका अयोध्या आना हुआ, लेकिन उत्तराखंड के मुख्यसेवक के रूप में पहली बार उन्हें अयोध्या आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महादेव की भूमि है और उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और दुनिया में हमारे देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उनके दिशा निर्देशन में उत्तर प्रदेश की तरह उत्तराखंड में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेलवे लाइन, चारधाम ऑल वेदर, केदारनाथ पुनर्निर्माण, बद्रीनाथ सौंदर्यीकरण महायोजना सहित तमाम परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static