धामी ने जगतगुरु शंकराचार्य से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया

punjabkesari.in Friday, Dec 03, 2021 - 11:54 AM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्द्धन मठ पुरी के जगतगुरु शंकराचार्य से मुलाकात की और आशीर्वाद प्राप्त किया। जगतगुरु शंकराचार्य ने उन्हें अखंड भारत के साथ सनातन धर्म की रक्षा का उपदेश दिया।

धामी उधमसिंह नगर जनपद के रूद्रपुर के दौरे पर थे। इस दौरान वे जगतगुरू शंकराचार्य से मिलने हरिचंद मिड्डा के आवास पर जा पहुंचे। वह लगभग आधा घंटे रूके और बताया जाता है कि जगतगुरु शंकराचार्य ने उन्हें आगामी चुनाव में विजयी भव: का आशीर्वाद भी दिया। सूत्रों ने बताया कि जगतगुरू शंकराचार्य ने देवस्थानम बोर्ड को लेकर भी मुख्यमंत्री से वार्ता की और बोर्ड को भंग करने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने धामी को अखंड भारत के साथ ही सनातन धर्म व गौ रक्षा व संरक्षण-संवर्द्धन का उपदेश दिया।

वहीं धामी ने भी सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प दोहराया और जगतगुरु शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त कर पंतनगर के लिए रवाना हो गए।

Content Writer

Nitika