पुष्कर सिंह धामी ने सैन्य धाम के लिए ली शहीद मेजर चित्रेश के घर की माटी

punjabkesari.in Thursday, Dec 02, 2021 - 12:52 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नेहरू कॉलोनी, देहरादून में शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के आवास पर उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, सैन्यधाम के लिए शहीद चित्रेश के आंगन की पवित्र मिट्टी ली। उन्होंने शहीद के पिता एसएस बिष्ट एवं माता रेखा बिष्ट को शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए शहीद हुए मेजर चित्रेश बिष्ट एवं उत्तराखंड के सभी शहीदों पर गर्व है, जिन्होंने देश की रक्षा, एकता एवं अखण्डता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि सभी शहीद सैनिकों के आंगन की पवित्र मिट्टी सैन्यधाम में लाई जा रही है। देश की लिए अपनी शहादत देने वाले वीर जवान हमेशा हमारे एवं आने वाली पीढ़ियों के स्मरण में रहेंगे।

वहीं पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उत्तराखंड में पांचवें धाम के रूप में सैन्यधाम की जो कल्पना है, सबके सहयोग से यह सैन्यधाम भव्य बनाया जाएगा। सभी शहीदों का वहां पर स्मरण होगा। उन्होंने कहा कि शहीद चित्रेश बिष्ट के माता-पिता ने कठिन दौर देखा है, राज्य सरकार हमेशा उनके साथ है।

Content Writer

Nitika