जनता से बुके की जगह पौधा भेंट करने का पुष्कर सिंह धामी ने किया आग्रह

punjabkesari.in Friday, Jul 16, 2021 - 04:32 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सहस्त्रधारा हेलीपैड के निकट एमडीडीए सिटी पाकर् में पौधारोपण किया और लोगों से बुके (फूल का गुलदस्ता) देने की जगह पौधा भेंट करने का आग्रह किया।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला सम्पन्नता, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का पर्व है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर एवंं परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण का कार्यक्रम केवल सरकारी कार्यक्रम तक ही सीमित न रहे। इसे जन-जन का कार्यक्रम बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। धामी ने जनता से आग्रह किया कि मुझसे भेंट के लिए लोग बुके न दें। उसकी जगह पर पौधा भेंट करें।

प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण हो हरेला पर्व पर हमें यह संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों द्वारा प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए गए। हमारी भावी पीढ़ी को हरा भरा उत्तराखंड मिले, इस दिशा में हमें लगातार प्रयास करने होंगे। जल स्रोतों के सूखने पर उन्होंने चिन्ता जताते हुए कहा कि जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड संस्कृति और प्रकृति का केंद्र भी है। राज्य की धरती से पर्यावरण संरक्षण का संदेश विश्वभर में जाए। वृक्षारोपण एवं अनेक सामाजिक कार्यों से हम सबको अपना योगदान देना होगा। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद यहां के धार्मिक परंपराएं, रीति रिवाज का व्यापक प्रसार हुआ है।

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सरकार द्वारा विकास के साथ पर्यावरण संतुलन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड का संतुलित विकास हो यह हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्य आत्म संतुष्टि के लिए भी होने चाहिए। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम आज सबके सामने है। प्रकृति अनेक रूपों में बदला जरूर लेती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती लोगों की आस्था का केंद्र है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static