DM ने यमुनोत्री क्षेत्र में हुए नुकसान का लिया जायजा, क्षतिग्रस्त परिवारों को मुआवजे का दिलाया भरोसा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 18, 2018 - 10:35 AM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश ने यमुनोत्री क्षेत्र में भी भारी तबाही मचा दी है। 

यात्रियों से की सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील 
जानकारी के अनुसार, बारिश और यमुना नदी के उफान से यमुनोत्री धाम और जानकी चट्टी में हुए नुकसान का उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान और एसएपी ददनपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही डीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के अलर्ट के चलते धाम में जाने वाले तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों में ठहराया जाए। उन्होंने यमुना नदी के उफान से प्रभावित हुई दुकानों और परिवारों को सरकार से मुआवजा मिलने का भी भरोसा दिलाया। इसके अतिरिक्त यमुनोत्री धाम में पुल के स्थान पर वैकल्पिक पुल की व्यवस्था करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। 

भारी बारिश के कारण धाम का संपर्क मार्ग टूटा 
बता दें कि हनुमान चट्टी से लेकर जानकी चट्टी और यमुनोत्री धाम के पास हुई तेज बारिश से यमुना नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि मंदिर के पास विश्राम गृह, 2 शौचालय और धाम को जोड़ने वाला मुख्य पैदल पुल नदी के तेज बहाव में बह गया। इसके साथ ही मंदिर समिति की 2 दुकानें भी नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बारिश के कारण धाम का संपर्क मार्ग टूट गया है। 

Nitika