दून अस्पताल में बच्चा अदला-बदली मामले में सामने आई DNA रिपोर्ट, सही परिजनों को सौंपा गया था नवजात

punjabkesari.in Sunday, Apr 21, 2019 - 02:35 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के दून महिला अस्पताल में बच्चा अदला-बदली मामले में 45 दिनों के बाद डीएनए रिपोर्ट आ गई है। इसके साथ ही डीएनए रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। वहीं जांच रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला दून महिला अस्पताल का है, जहां पर 5 मार्च को लेबर रूम में 2 महिलाओं का एक ही समय प्रसव हुआ था। दोनों महिलाओं का नाम आरती ही था। दोनों महिलाओं में से एक को बेटी और दूसरी को बेटा हुआ था। एक महिला ने बेटी को लेने से इंकार कर दिया। महिला के परिजनों का आरोप था कि उन्हें बेटा हुआ है और उन्हें बेटा होने की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद हंगामा हो गया था। हंगामा इतना बड़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया जिसके बाद बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष उषा नेगी ने हस्तक्षेप कर डीएनए जांच का फैसला किया।

वहीं डीएनए रिपोर्ट में यह साबित हो गया कि आरोप लगाने वाली महिला झूठ बोल रही थी और बेटी उसकी ही थी। इसके साथ ही दून अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. केके टम्टा ने इसकी पुष्टि की है कि अस्पताल के द्वारा दोनों महिलाओं को सही बच्चा दिया गया था। उन्होंने कहा कि अब जल्दी दोनों महिलाओं को बुलाकर डीएनए रिपोर्ट भी दिखा दी जाएगी।

बता दें कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद दून महिला अस्पताल की नर्स एसोसिएशन ने राहत की सांस ली। इसके साथ ही नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि झूठ बोलने वाली महिला को उनसे माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही आरोप लगाने वाली महिला पर कार्रवाई करने की भी मांग की है।


 

Nitika