जंगल में लकड़ी चुनने गई 2 महिलाओं पर हाथी ने किया हमला, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2019 - 01:43 PM (IST)

रुड़कीः उत्तराखंड के जंगलों में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। हाथियों के कहर का लोगों को हर्जाना भुगतना पड़ रहा है। इसके बावजूद भी प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ हैं। ऐसा ही एक हादसा सामने आया है, जहां पर लकड़ी चुनने गई महिला को हाथी ने मार डाला। इसके साथ ही जान बचाकर भाग रही एक अन्य महिला पर भी हाथी ने हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा रुड़की जिले का है, जहां पर राजाजी टाइगर रिजर्व स्थित धौलखंड रेंज के जंगल में बंदरजूड गांव की महिलाओं का एक झुंड लकड़ियां चुनने गई। इसी बीच लकड़ियां चुनते-चुनते 2 महिलाएं जंगल में काफी अंदर तक चली गई। वहीं घास में छिपे हाथी ने अपनी सूंड से लकड़ियां चुन रही एक महिला पर हमला कर दिया। इस हमले से महिला घायल हो गई लेकिन इसके बावजूद भी महिला ने भागकर अपनी जान बचा ली।

वहीं घायल महिला ने जंगल से निकलकर घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके साथ ही दूसरी महिला की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों को तलाश करने पर जंगल में दूसरी महिला का खून से लथपथ शव मिला। बता दें कि घटना के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व का कोई भी अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में रोष देखने को मिल रहा है।

 

Nitika