चंपावत उपचुनावः पुष्कर सिंह धामी के भाग्य का फैसला आज, वोटों की गिनती जारी

punjabkesari.in Friday, Jun 03, 2022 - 06:57 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में अपनी परंपरागत सीट खटीमा से हार का मुंह देखने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत चार प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला आज हो जाएगा।

चंपावत विधानसभा उपचुनाव के लिए विगत 31 मई को मतदान हुआ था। भाजपा के निवर्तमान विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट खाली करने के चलते निर्वाचन आयोग की ओर से इस सीट पर उपचुनाव करवाए गए हैं। लगभग 64 प्रतिशत मतदाताओं की ओर से यहां वोट डाले गए। इसी के साथ ही पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी के अलावा 2 निर्दलीय प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला 31 मई को ईवीएम में बंद हो गया था। मुख्यमंत्री की जीत हालांकि यहां सुनिश्चित मानी जा रही है। जानकार आज होने वाली मतगणना को मात्र औपचारिकता मान रहे हैं।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी की ओर से भी भाजपा पर मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाकर, एक प्रकार से मुख्यमंत्री की जीत पर मुहर लगा दी गई है। दूसरी ओर प्रशासन की ओर से मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। उसके बाद ईवीएम मशीनों की गणना की जाएगी। माना जा रहा है कि दोपहर के बाद यहां चुनाव का परिणाम साफ हो जाएगा।
 

 

Content Writer

Nitika